मंडी में दुकानदार और युवक के बीच मारपीट:मामूली बात को लेकर हुआ विवाद, सिर पर डंडे से किया वार, मानसिक रुप से अस्वस्थ

मंडी जिले के रिवालसर पुलिस चौकी में मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज किए गए हैं और पुलिस जांच कर रही है। पहला मामला किशन चंद निवासी धार-II, रिवालसर, तहसील बल्ह, जिला मंडी के बयान पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा यादविंद्र 26 जनवरी की दोपहर करीब 12:15 बजे रिवालसर में जीप यूनियन के पास स्थित एक सीसीटीवी दुकान पर गया था। वहां दुकान मालिक अश्वनी कुमार से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि जब यादविंद्र दुकान से बाहर आने लगा, तो अश्वनी कुमार ने उसे रोका और डंडे से उसके सिर पर वार किया। किशन चंद को इस घटना की सूचना उनकी पत्नी गीता देवी और राकेश उर्फ राकू ने फोन पर दी। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है और बयान देने की स्थिति में नहीं है, उसका इलाज मानसिक रोग विशेषज्ञ से चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुकान पर आकर बोला हमला वहीं, दूसरा मामला अश्वनी कुमार द्वारा दर्ज करवाया गया है। शिकायतकर्ता अश्वनी ने आरोप लगाया कि 26 जनवरी को दोपहर करीब 12:15 बजे यादविंद्र उर्फ बंटी उसकी सीसीटीवी दुकान में झगड़ा करने की नीयत से आया था। जब उसे रोका गया, तो उसने गाली-गलौच, धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे उसे शारीरिक चोटें आईं। अश्वनी के अनुसार, यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है। अश्वनी ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह शिकायत दर्ज करवाने पुलिस चौकी पहुंचा, तो आरोपी के पिता ने वहां आकर दबाव बनाने का प्रयास किया। रिवालसर पुलिस चौकी ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *