फाजिल्का के जलालाबाद में पुलिस और एक्साइज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के खिलाफ कई गांवों में छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों को करीब 11 हजार लीटर अवैध देसी शराब बरामद की, जिसे तुरंत नष्ट कर दिया गया। टीम ने जलालाबाद क्षेत्र के गांव महालम, पालीवाला सहित कई इलाकों में छापेमारी की। अवैध शराब निर्माताओं ने बड़ी चतुराई से लाहन को छिपाया था। कहीं दही के डिब्बों में, कहीं पराली के नीचे, तो कहीं जमीन के अंदर ड्रम में भरकर रखा गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब निर्माण में प्रयोग की जाने वाली सामग्री भी जब्त की, जिसमें टंकियां, ड्रम और चालू भट्ठियां शामिल हैं। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।


