पश्चिम सिंहभूम के चक्रधरपुर में रविवार की देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। सर्फराज क्वार्टर एरिया में व्यापारी विक्रम अग्रवाल के घर से चोर 70 हजार रुपए नकद, 50 हजार रुपए मूल्य के चांदी के सिक्के और एक बाइक लेकर फरार हो गए। चोर सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। हालांकि बाइक को लावारिस हालत में लोको काॅलोनी से पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना रात करीब दो बजे की है, जब चोर बगल के निर्माणाधीन मकान के रास्ते से घर में घुसे। चोरी की गई नकदी विक्रम के छोटे भाई अमित अग्रवाल की थी, जो मजदूरों के भुगतान के लिए रखी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव रंजन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसमें पास की एक दुकान के कैमरे में दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ में जुटी है।


