सड़क पर बने गड्‌ढे में बाइक से गिरा किशोर, अस्पताल में मौत

शहर की टूटी और गड्ढों से भरी सड़कों ने एक और घर की खुशियां छीन लीं। गहरे खड्डे में बाइक फिसलने से घायल हुए 16 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जम्मू का रहने वाला था और फिलहाल अपने परिवार के साथ जवाहर नगर कैंप में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक सोमवार रात सोनू किसी काम से बाइक पर दुगरी रोड की ओर जा रहा था। रास्ते में सड़क पर बने गहरे खड्डे में उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह जोर से सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल रेफर कर दिया। वहां मंगलवार को इलाज के दौरान सोनू ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना मॉडल टाउन के सब इंस्पेक्टर रूप लाल ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा। रोष: सरकार की लापरवाही के चलते पैदा हुए गड्‌ढे… लापरवाही के गड्‌ढे… जिम्मेदार कौन? इस घटना के बाद इलाके के लोगों में रोष है। स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि शहर की कई मुख्य सड़कों पर लंबे समय से गहरे गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं करवाई जा रही। यह गड्ढे सरकार की लापरवाही के चलते ही पैदा हुए हैं। इसलिए ऐसे सड़क हादसों में होने वाली मौतों के पीछे कहीं न कहीं सरकार ही जिम्मेदार है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की सभी प्रमुख सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है। रही सही कसर निगम के अफसरों की ओर से बिना वैकल्पिक प्रबंध किए सड़कों की खुदाई की मंजूरी दिए जाने के फैसले से हुई है। प्रशासन को चाहिए कि सड़कों की हालत तुरंत सुधारे, ताकि आगे किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी न झेलनी पड़े।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *