जालंधर | भारतीय रेलवे के कर्मचारियों ने एक बार फिर ईमानदारी और कर्तव्य परायणता पेश करते हुए एक यात्री का कीमती लैपटॉप उसे सुरक्षित लौटा दिया। यह घटना 26 जनवरी की है, जब फिरोजपुर कैंट-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस (26462) में कार्यरत टिकट चेकिंग स्टाफ ने एक यात्री की मदद की। ट्रेन के कोच सी-वन में ड्यूटी के दौरान स्टाफ संजय साह और बीएल मीणा को सीट संख्या 71 पर एक लावारिस लैपटॉप मिला। जब लैपटॉप का मालिक आसपास नहीं मिला, तो उन्होंने ने एचएचटी मशीन के जरिए यात्री का विवरण निकालकर उनसे संपर्क किया। यात्री अमन ने बताया कि वह बठिंडा से पटियाला तक सफर कर रहे थे, लेकिन जल्द बाजी में अपना कीमती लैपटॉप ट्रेन में ही भूल गए, जिसमें उनका बेहद महत्वपूर्ण डेटा था। ट्रेन की वापसी के दौरान यात्री को पटियाला स्टेशन बुलाया गया, जहां उचित सत्यापन के बाद लैपटॉप उन्हें सौंप दिया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने स्टाफ के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह रेलवे की सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए टिकट चेकिंग स्टाफ को प्रशंसा प्रमाण पत्र देने की घोषणा की, ताकि अन्य कर्मचारी भी इससे प्रेरित हो सकें।


