राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रहनेवाली महिला व युवती भी अब ब्राउन शुगर की तस्करी कर रही है। सदर थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ स्थित पीएचईडी के पास से सोमवार को पुलिस ने एक युवती के साथ 2 ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती का नाम सानिया परवीन है, जिसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद की गई है। ब्राउन शुगर तस्करी के धंधे में लिप्त महिला व युवती को चिन्हित कर पुलिस कार्रवाई भी कर रही है। बावजूद गिरोह पर पूरी तरह से लगाम नहीं लग पाया है। कोई किराए के घर में शरण ले रखी है तो कोई अपने ही घर में पति के साथ मिलकर नशीले पदार्थ की सप्लाई कर रही है। आंकड़ों पर गौर करें तो शहर में पिछले 2 महीने में ही 5 महिला तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस उनके पास से ब्राउन शुगर व गांजा के अलावा नगद पैसा भी बरामद कर चुकी है। जेल गए इन महिला तस्करों ने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्कूटी से होम डिलीवरी की सर्विस : जांच में पुलिस को इस बात की जानकारी मिली है कि कई तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए ही महिला व युवती का इस्तेमाल कर रहा है। इसके लिए कुछ युवती को किराए के घर में रखा गया है। जल्दबाजी में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में युवती भी इस धंधे में लिप्त हो जा रही है। इसके बाद पुराने ग्राहकों तक वह स्कूटी से होम डिलिवरी तक का सर्विस उपलब्ध करा रही है। पुलिस जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर की खेप रांची तक पहुंचती है। रांची में ब्राउन शुगर की तस्करी का गिरोह चलाने वाले लोग बिहार के सासाराम में रहने वाली भाभी से ही संपर्क रखते हैं, जिसके बाद सड़क मार्ग से सामान रांची पहुंचता है। रांची पुलिस सासाराम स्थित भाभी के ठिकाने पर छापेमारी कर चुकी है, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिली। पुलिस की जब दबिश बढ़ी तो भाभी ने 2 महीने पहले रांची डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। भाभी के खिलाफ रांची के सिर्फ सुखदेवनगर थाने में 9 केस दर्ज हैं। पुलिस उसे रिमांड पर भी ली, लेकिन कोई खास जानकारी नहीं जुटा पाई। पिछले 2 महीने में ये महिलाएं हुईं गिरफ्तार


