पीपरा-बरगांव रोड के करीब खेत में युवती का शव मिला, हत्या की आशंका

भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले के पीपरा और बरगांव के बीच मरघट के पास एक खेत में कीचड़ से सना अर्धनग्न युवती का शव मिला है। युवती की पहचान 21 वर्षीय पूजा महंत के रूप में हुई है। घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का माना जा रहा है। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पीपरा–बरगांव मार्ग पर खेत की जुताई करने पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर मृतका के पिता विशंभर दास मौके पर पहुंचे। चप्पल और हुलिए के आधार पर उन्होंने शव की पहचान अपनी बेटी पूजा महंत के रूप में की। जानकारी के अनुसार पूजा सोमवार रात करीब 8 बजे अपनी सहेलियों के साथ ग्राम किरीत में वार्षिक उत्सव देखने गई थी। वह रात करीब 12 बजे घर लौटी थी। मंगलवार सुबह जब पिता उठे तो पूजा घर पर नहीं थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में वह तड़के करीब 4:30 बजे मोबाइल पर बात करते हुए घर से निकलती हुई नजर आई है। मौके पर एफएसएल और साइबर सेल की टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। युवती का मोबाइल फोन मौके से गायब है और उसका कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाला जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *