ग्राम सभा में शराबियों का हंगामा, सचिव से अभद्रता:पंचायत भवन में घुसकर गाली-गलौज; FIR के बाद आरोपी फरार

शहडोल जिले की जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित तीतरा पंचायत में ग्राम सभा के दौरान चार शराबियों ने हंगामा किया। आरोपियों ने पंचायत भवन में घुसकर सचिव के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन सभी आरोपी FIR के बाद से फरार हैं। यह घटना मंगलवार को हुई, जब तीतरा पंचायत भवन में ग्राम सभा का आयोजन चल रहा था। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इसी दौरान शराब के नशे में चार व्यक्ति बिना अनुमति के सभा के भीतर घुस आए और हंगामा शुरू कर दिया। पंचायत सचिव केशव प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि जब उन्होंने आरोपियों को समझाने और अनुशासन बनाए रखने के लिए कहा, तो वे और उग्र हो गए। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धक्का-मुक्की भी की। स्थिति बिगड़ती देख ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर बीच-बचाव किया। इस घटना के कारण ग्राम सभा को अस्थायी रूप से बाधित करना पड़ा। घटना के बाद पंचायत सचिव केशव प्रसाद द्विवेदी ने जैतपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रघो महरा, रामलखन प्रजापति, रामशरण प्रजापति और सत्तार मुसलाम सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। जैतपुर थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि मंगलवार शाम को शिकायत मिलते ही अपराध दर्ज कर लिया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बुधवार सुबह से धर-पकड़ अभियान चलाया जा रहा है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *