जयपुर के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से चोरी हुए लगभग 10 लाख रुपए के चांदी के 9 छत्र और शेषनाग बरामद कर लिए गए हैं। अनूपपुर पुलिस और थाना अशोकनगर (जयपुर सिटी साउथ) राजस्थान की संयुक्त टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी मंदिर का पुजारी ही निकला। यह चोरी 7-8 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात को जयपुर के भगतसिंह मार्ग सी स्कीम स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में हुई थी। अज्ञात चोरों ने मंदिर से 9 चांदी के छत्र और एक विशाल चांदी का शेषनाग चुरा लिया था। इस घटना की शिकायत थाना अशोकनगर, जिला जयपुर सिटी साउथ में दर्ज कराई गई थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमन तिवारी ही लक्ष्मीनारायण मंदिर में पुजारी का कार्य करता था। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जयपुर (राजस्थान) ले जाया गया है। जयपुर की टीम आई अनूपपुर चोरी की वारदात की पड़ताल के लिए अशोकनगर थाने से सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार, आरक्षक देशराज और आरक्षक रामरतन की टीम अनूपपुर पहुंची। यहां थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक पवन प्रजापति, प्रधान आरक्षक खेमराज मार्को, आरक्षक अब्दुल कलीम और दीपक बुंदेला की टीम ने जयपुर पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस टीम ने ग्राम बकेली, अनूपपुर से सत्यम केवट (25 वर्ष) को पकड़ा। उसके पास से चोरी किए गए 9 चांदी के छत्र और 1 चांदी का शेषनाग जब्त किया गया, जिसका कुल वजन लगभग 2 किलो 800 ग्राम और कीमत करीब 10 लाख रुपए है। सत्यम केवट से पूछताछ के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी अमन तिवारी (25 वर्ष, निवासी ग्राम देवगवां, थाना खैरहा, जिला शहडोल) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


