झारखंड के लातेहार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सोमवार की देर रात बरियातू थाना क्षेत्र के परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय के पास रांची-चतरा मुख्य सड़क (एनएच-22) पर हुई। हादसे में 18 वर्षीय संजीत उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी संदीप उरांव (18) का दाहिना हाथ टूट गया। तीसरे युवक अमन उरांव को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के समय तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। मैट्रिक परीक्षा देने वाले थे तीनों हादसे में घायल अमन उरांव के अनुसार, वे हेरहंज थाना क्षेत्र के कसमार, डडयाही में एक शादी समारोह में जा रहे थे। तीनों बारियातू थाना क्षेत्र के छापर टोला के रहने वाले थे। वे परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय में पढ़ते थे। इस साल वे मैट्रिक की परीक्षा देने वाले थे। घटना के बाद घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. सुरेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद संदीप को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


