रेगिस्तानी बाड़मेर में मौसम लगातार बदल जा रहा है। कभी तेज धूप से गर्मी तो हवाओं से सर्दी बढ़ रही है। बीते दो दिनों से सर्दी का असर बढ़ा। सर्द हवाओं ने एक बार फिर रात में सर्दी का असर बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरकर मंगलवार को 11.8 डिग्री पहुंच गया। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में सर्दी बढ़ने के साथ तापमान 10 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है। दरअसल, पश्चिमी राजस्थान में मौसम करवट बदल रहा है। हर 2-4 दिन में कभी गर्मी तो कभी सर्दी का मौसम बन जाता है। पिछले दिनों 35 साल का रिकॉर्ड तोड़ जनवरी में दिन का पारा 34.4 डिग्री तक पहुंच गया था। अब अचानक शीत लहर चलने के साथ ही पारे में गिरावट दर्ज की गई। पिछले दो दिनों से सर्दी पड़ रही है। सोमवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 28.2 और न्यूनतम 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रविवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री था। बाड़मेर में बीते दो दिनों से ठंडी हवा चलने के साथ ही लगातार तापमान में गिरावट आ रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने से पश्चिमी राजस्थान में भी सर्दी बढ़ गई है। सर्दी बढ़ने से किसानों की रबी फसलों को फायदा होने की उम्मीद है। इस सीजन में इस बार ज्यादा सर्दी नही पड़ी है। तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण फसलों में कई तरह के रोग लग गए है। इससे किसानों को काफी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। जीरे की फसल की पैदावार पर भी असर पड़ने की संभावना है। दो दिन में रात का तापमान 2 डिग्री घटा रविवार का पारा 13.8 डिग्री था, जबकि सोमवार को गिरकर 12.0 डिग्री और मंगलवार को 11.8 डिग्री पहुंच गया। आगामी 3-4 दिन तक तापमान में कमी रहेगी और सर्दी पड़ने की संभावना है। 9 फरवरी को बढ़ेगा तापमान मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 3-4 दिन तक शीत लहर और सर्दी पड़ने की संभावना है। ऐसे में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। 9 फरवरी के बाद मौसम में बदलाव के साथ ही तापमान के फिर से बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम है। बाड़मेर मंगलवार का तापमान 11.8 डिग्री


