बयाना कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घर में अकेली थी पीड़िता
पीड़िता की मां ने अपनी रिपोर्ट में बताया- घटना 4 जनवरी की है। उस दिन वह अपने परिजनों के साथ पड़ोस में एक शोक सभा में गई हुई थी। घर पर उसकी 16 वर्षीय बेटी अकेली थी। दोपहर करीब 12 बजे जब बेटी घर का काम कर रही थी, तभी गांव का एक युवक उसे अकेला पाकर घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बेटी के चिल्लाने पर पड़ोस में मौजूद उसकी मां और मौसी मौके पर पहुंचीं, जिन्हें देखकर आरोपी तुरंत वहां से फरार हो गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस
महिला ने बताया कि घटना के अगले दिन ही उसने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कई दिनों तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 15 जनवरी को उसने भरतपुर एसपी को भी पत्र भेजा। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर आखिरकार पीड़िता की मां ने कोर्ट इस्तगासा के जरिए मामला दर्ज कराया। बयाना कोतवाली थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने पुष्टि की है कि न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।


