भास्कर न्यूज | चंडीपारा विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल पामगढ़ में गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर से अटल चौक मार्ग होते हुए तिरंगा चौक व अंबेडकर चौक तक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें लगभग 700 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। रैली के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण किया गया। रैली के बाद विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। विद्या निकेतन से अनिया खांडे, भावना निर्मलकर एवं हिमांशी साहू को संयुक्त रूप से स्टूडेंट ऑफ द ईयर चुना गया, जबकि ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल से समीर पटेल एवं सौम्या पीटर को यह सम्मान मिला। मुख्य अतिथि मनोज खरे व विशिष्ट अतिथि दिनेश थवाईत, भीष्म लहरे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र ने की।


