लुधियाना| मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर दिखाई देगा। इसके चलते 1 फरवरी को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में दोबारा 2-3 डिग्री गिरावट आने की आशंका है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से पहले 29 और 30 जनवरी को क्षेत्र में कोल्ड वेव चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन सुबह और रात के समय घना कोहरा पड़ सकता है। मंगलवार को वर्षा के बाद बुधवार सुबह से ही धूप निकलने के कारण लोगों को सर्दी से कुछ राहत जरूर मिली। अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और 18.8 डिग्री रहा। न्यूनतम पारा भी 2.7 डिग्री बढ़कर 10.4 डिग्री रहा।


