ईस्ट कोस्ट रेलवे वर्कर्स कांग्रेस के ​नेतृत्व पर सवाल, कर्मियों ने की कार्रवाई की मांग

भास्कर न्यूज| रायगड़ा 77वें गणतंत्र दिवस जैसे पवित्र राष्ट्रीय पर्व पर रायगड़ा में एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित ईस्ट कोस्ट रेलवे वर्कर्स कांग्रेस के रायगड़ा ब्रांच ऑफिस भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर भारी लापरवाही और अनियमितता का आरोप लगे हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, शाम तक कार्यालय भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया ही नहीं गया। शाम 6:50 बजे ली गई तस्वीरों में भी साफ दिखाई देता है कि भवन पर तिरंगा नहीं फहराया गया था, जिससे पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि सुबह भी ध्वजारोहण नहीं हुआ, हालांकि इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। इस घटना को लेकर ईस्ट कोस्ट रेलवे वर्कर्स कांग्रेस, रायगड़ा ब्रांच के प्रेसिडेंट और सेक्रेटरी (मार्केंडी गुट) की लीडरशिप पर गंभीर नाराज़गी और आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना यूनियन नेतृत्व की घोर गैर-जिम्मेदारी और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाती है। विशेष रूप से चिंताजनक बात यह है कि रायगड़ा एक रेलवे डिवीजन है और यहीं डिविजनल रेलवे मैनेजर का मुख्यालय भी स्थित है। इसके बावजूद यदि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगे के सम्मान में इतनी बड़ी चूक होती है, तो यह न केवल यूनियन बल्कि पूरे रेलवे प्रशासन की कार्यसंस्कृति पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गणतंत्र दिवस जैसे पवित्र दिन पर तिरंगे की अनदेखी को जनता ने गंभीर अपराध करार दिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रायगड़ा डिविजनल रेलवे मैनेजर से मांग की गई है कि ईस्ट कोस्ट रेलवे वर्कर्स कांग्रेस, रायगड़ा ब्रांच के प्रेसिडेंट और सेक्रेटरी के खिलाफ तत्काल, कार्रवाई व घटनाक्रम की जांच कराई जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *