भैरूंदा| नगर की मुख्य सड़कों पर डिवाइडर के ऊपर लगे अवैध बैनर और होर्डिंग्स से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। इन प्रचार सामग्री की वजह से सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों की दृश्यता बाधित हो रही है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। दिन के समय भी डिवाइडर के कारण दोनों ओर से आने वाले वाहन एक-दूसरे को समय पर नहीं देख पाते। मोड़ वाले स्थानों पर यह समस्या और गंभीर हो जाती है। जैसे ही वाहन चालक डिवाइडर के जोड़ से मुड़ते हैं, सामने से आ रहे वाहन अचानक सामने आ जाते हैं। इससे टकराव का खतरा बना रहता है। अब तक कई हादसे हो चुके हैं। कुछ मामलों में दोपहिया वाहन फिसलकर गिर गए। चालकों को चोटें भी आई हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।


