लुधियाना | नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन की मैन ब्रांच लुधियाना की ओर से बुधवार को रेलवे परिसर में सीडीओ के खिलाफ गेट मीटिंग कर रोष प्रदर्शन किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 29 दिसंबर को रखे गए एजेंडा मुद्दों पर अधिकारियों ने काम करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यूनियन नेताओं ने बताया कि इससे पहले कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर फिरोजपुर के आला अधिकारियों की मौजूदगी में एडीएमई लुधियाना के समक्ष भी बैठक हुई थी। उस दौरान भी कर्मचारियों के हित में निर्णय लेने की बात कही गई थी, लेकिन करीब एक महीना बीत जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शन में ढंडारी कला और लुधियाना मैन ब्रांच के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यूनियन पदाधिकारियों ने सीडीओ की कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि उनका रवैया कर्मचारियों के प्रति नकारात्मक है। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में लुधियाना की सभी यूनियन शाखाओं को साथ लेकर डिपो इंचार्ज और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन और घेराव किया जाएगा। गेट मीटिंग की अध्यक्षता कॉम विनोद शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन कॉम गौरव शर्मा ने किया। इस मौके पर ब्रांच सेक्रेटरी योगेश राणा सहित कई अन्य यूनियन सदस्य भी मौजूद रहे।


