तेज रफ्तार थार डिवाइडर से उछल तीन बार पलटी, दो युवकों की मौत

अजमेर रोड बाइपास पर बीती रात 1:35 बजे दर्दनाक हादसा हुआ। आरजे 11 सीबी 0186 की थार अजमेर रोड बाईपास से उदयपुर रोड की ओर जा रही थी। रानी बाग रिसोर्ट के समीप अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। थार की गति इतनी तेज थी कि हाइवे की सर्विसलेन के पास बने डिवाइडर से उछलकर ढके हुए नाले से टकराई और सड़क पर तीन बार पलट गई। इससे थार के परखच्चे उड़ गए । ब्यावर के मील कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय विकास सामरिया व नागौर के रायदाना जसवंतगढ़ निवासी 24 वर्षीय नवनीत सिंह की मौके पर मौत हो गई। वहीं नाईकला गांव निवासी रणजीत सिंह व नरसिंहपुरा निवासी मोहित सिंह गंभीर घायल हो गए। युवकों को गाड़ी में से बमुश्किल निकाला गया। उन्हें एकेएच से अजमेर रैफर कर दिया गया। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिए गए। साफा हाउस पर काम करते थे दो दोस्त, खाना खाने निकले थे विकास व रणजीत एक ही साफा हाउस शो रूम पर कार्य करते थे। रात को शो रूम पर काम खत्म करने के बाद दोनों को मोहित थार में लेने आया। उसके साथ नवनीत भी था। चारों ने हाइवे पर खाना खाने का कार्यक्रम बनाया। हाइवे पर निकले ही थे कि हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि थार किसी अन्य व्यक्ति की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *