1.61 करोड़ से खरकट्टा व पंडरीपारा के बीच बनेगी सड़क

भास्कर न्यूज ​| तमता पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत खरकट्टा के ग्रामीणों का दशकों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। आजादी के 77 वर्षों बाद खरकट्टा से पंडरीपारा (घर्जियाबथान पहुंच मार्ग) तक की जर्जर और ऊबड़-खाबड़ सड़क अब डामरीकृत पक्की सड़क में तब्दील होगी। इस महत्वपूर्ण मार्ग के लिए 1.61 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। यह स्वीकृति पत्थलगांव विधायक गोमती साय के प्रयासों से मिली है। ग्राम पंचायत खरकट्टा के युवा सरपंच येशु दास किंडो ने बताया कि तमता–पत्थलगांव मुख्य मार्ग से घर्जियाबथान तक लगभग दो किलोमीटर का यह रास्ता वर्षों से बदहाल स्थिति में था। कच्ची और पथरीली सड़क होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश के मौसम में सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए उन्होंने कई वर्षों तक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इसके बावजूद ग्रामीण अपनी मांग पर डटे रहे। आखिरकार उनकी लगातार कोशिशों और संघर्ष का परिणाम अब सामने आया है। सड़क की स्वीकृति को ग्रामीण अपने धैर्य और एकजुटता की जीत मान रहे हैं। सरपंच येशु दास किंडो ने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा। सड़क स्वीकृति की जानकारी मिलते ही मंगलवार को ग्राम खरकट्टा के एक दर्जन से अधिक ग्रामीण और जनप्रतिनिधि विधायक गोमती साय के गृह ग्राम मुंडाडीह पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा नेता सुशील यादव, तामसिंग यादव, निधि यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *