राजधानी के दूसरे फ्लाईओवर सह एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन होली के बाद होना लगभग तय है। क्योंकि, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार ने फ्लाईओवर बना रही कंपनी एलएंडटी को हर हाल में फरवरी के अंत तक फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया है। मंगलवार को सचिव ने निर्माणाधीन फ्लाईओवर का जायजा लिया। इस दौरान वे आंबेडकर चौक की ओर से रेल लाइन के ऊपर बन रहे केबल स्टे ब्रिज तक पहुंचे। अभी तक हुए कार्यों को देखा और कई निर्देश दिए। उन्होंने एलएनटी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर टीबी सिंह को कहा कि आगामी 15 मार्च तक हर हाल में फ्लाईओवर को हैंडओवर करें, इसलिए बचे कार्यों को पूरा करें। सचिव ने कहा कि केबल स्टे ब्रिज की स्टेबिलिटी की जांच जरूरी है। इसलिए, केबल स्टे ब्रिज पर बने सेगमेंट गर्डर पर एक परत बिटुमिन की चढ़ाकर कालीकरण करें। इसके बाद इसकी साइंटिफिक जांच कराकर आगे काम तेज करें। कंपनी की ओर से बताया गया कि बिटुमिन की परत चढ़ाने के लिए रेलवे से ब्लॉक की जरूरत पड़ेगी। इसके बाद सचिव ने डीआरएम से बात करके जल्द ब्लॉक देने का आग्रह किया, ताकि निर्माण कार्य तेज हो सके। हर हाल में ओवर ब्रिज को मार्च में चालू करने का लक्ष्य है। सचिव ने ये निर्देश भी दिए : कनेक्टिंग फ्लाईओवर क्रॉस आर्म डिजायन पर बनेगा पथ निर्माण सचिव ने सिरमटोली से कांटाटोली फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए प्रस्तावित कनेक्टिंग फ्लाईओवर के स्थल का भी मुआयना किया। इंजीनियरों ने बताया कि करीब 1.25 किमी लंबे कनेक्टिंग फ्लाईओवर के लिए मिट्टी जांच की जा रही है। बोरिंग का काम हो गया है। सरना स्थल की जमीन अधिग्रहण को लेकर विवाद था, लेकिन अब विवाद दूर हो गया है। सचिव ने कहा कि नए क्रॉस आर्म डिजायन पर कनेक्टिंग फ्लाईओवर का निर्माण कराएं। इसका डिजायन तैयार करके इसकी स्वीकृति की प्रक्रिया जल्द शुरू करें, ताकि काम में देरी न हो। इस माह के अंत तक हर हाल में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू कराएं।


