6 साल की बच्ची के साथ शारीरिक शोषण के दोषी को 20 वर्ष कैद की सजा सुनाई गई है। एडिशनल सेशन जज रविइंद्र कौर की अदालत ने दोषी पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। पीड़िता की माता की शिकायत पर पुलिस थाना डिवीजन नंबर 6 द्वारा 26 अप्रैल 2023 को दोषी दिनेश कुमार निवासी शेरपुर के खिलाफ शारीरिक शोषण के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी उन्हीं के निकट एक कमरे में किराए के मकान में रहता था। घटना वाले दिन उनके पति काम पर गए थे और वह अपने पुत्र के साथ रेलवे स्टेशन पर टिकट बुक करवाने के लिए गई थीं। घर में उनकी 6 वर्षीय बेटी थी। वह घर लौटे तो उनकी बेटी घर में मौजूद नहीं थी। काफी खोजने पर बच्ची आरोपी के कमरे में मिली जहां आरोपी बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी वहां से भाग निकला जिसे बाद में पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत में आरोपी ने खुद को बेकसूर बताया और कहा कि उसे इस मामले में झूठा फंसाया गया है। अदालत ने दोनों पक्षों की बहस एवं दलीलें सुनने के बाद दोषी को 20 साल कैद की सजा सुनाई है। इसके अलानवा एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है।


