जालंधर| इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के अप्रैल सेशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद से अब तक जनवरी सेशन में आवेदन की गलती को सुधारने के लिए अप्रैल सेशन के स्टूडेंट्स को एडिट का ऑप्शन नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा स्टेट बदलने को लेकर भी असमंजस कायम है। ऐसे में स्टूडेंट्स के आवेदनों की रफ्तार अपेक्षाकृत कम है। आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी है। आवेदन के दूसरे दिन करीब 10 हजार ज्यादा नए आवेदन आ गए हैं। ऐसे में अप्रैल सेशन में आवेदनों की संख्या 15 लाख से अधिक होने की संभावना बनी है। जेईई-मेन में अमूमन अप्रैल सेशन में अधिक संख्या में आवेदनों का ट्रेंड रहा है। जनवरी सेशन में आवेदन में गलती को सुधारने का अब अप्रैल सेशन में कोई मौका नहीं दिया गया है। स्टूडेंट्स को कैटेगरी, स्टेट ऑफ एलिजिब्लिटी, 10वीं व 12वीं की डिटेल्स एवं परीक्षा के स्टेट, आवेदन के दौरान गलत भर दिए जाने के बाद में एडिट का मौका दिया जाता है। मगर इस बार अब तक एडिट का अवसर नहीं देने से स्टूडेंट्स परेशान हो रहे हैं। इसके अलावा स्टूडेंट्स अब स्टेट में बदलाव नहीं कर पा रहे हैं। जनवरी जेईई-मेन परीक्षा दे चुके जनवरी सेशन के आवेदन क्रमांक एवं पासवर्ड से ही लॉगइन कर अप्रैल सेशन के आवेदन कर पा रहे हैं। ऐसे में स्टेट नहीं बदल पा रहे हैं। अगर स्टूडेंट्स दुबारा से नया आवेदन करते हैं तो दोहरे आवेदन मानकर रिजल्ट रोका जा सकता है। एग्जाम सिटी में बदलाव नहीं कर पा रहे स्टूडेंट्स को जनवरी के आवेदन में विद्यार्थियों को कैटेगरी संबंधित डिटेल्स भरनी थी। उस समय कैटेगरी सर्टिफिकेट नहीं होने से जनरल कैटेगरी में आवेदन किया था, मगर अब सर्टिफिकेट होने के बावजूद कैटेगरी नहीं बदल पा रहे हैं।


