भास्कर न्यूज | कवर्धा आबकारी विभाग की टीम ने चिल्फी आबकारी बैरियर में शराब की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं माजदा वाहन में 493 पेटी शराब बरामद किया गया है। जिसकी लागत 20 लाख 50 हजार 500 रुपए है। आगामी चुनावी समय व त्योहारों को देखते हुए शराब तस्करी की आशंका बनी हुई थी। इसी दौरान आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि मध्यप्रदेश की ओर से माजदा वाहन में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना पर चिल्फी बैरियर में वाहनों की जांच की गई। इस दौरान वाहन क्रमांक एमपी 09 जीएच 5531 की भी जांच की गई। जांच में वाहन के अंदर रखी 393 पेटी देसी शराब व 100 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब की कुल कीमत 20 लाख 50 हजार 500 रुपए है साथ ही 20 लाख रुपए कीमत के माजदा वाहन को भी जब्त किया गया है। शराब की पेटियों में मध्यप्रदेश में बिक्री का लेबल लगा हुआ था। बोड़ला क्षेत्र के आबकारी अधिकारी अभिनव कुमार रायजादा ने बताया कि आरोपी राजेश जमारे पिता मोमलाल इंदौर के रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)क34(2), 36,59(क) के तहत कार्यवाही की गई है। वहीं शराब तस्करी को लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक गीता साहू, अभिनव आनंद, रामानंद दिवान, विद्या परमार सहित अन्य शामिल रहे।


