प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कम होने के बाद अब एक बार फिर सर्दी बढ़ चुकी है। सीकर में आज एक ही दिन में न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। सीकर में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में पहुंच चुका है। फिलहाल मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी सर्दी का असर रहेगा। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.2 और अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया। बता दें कि सोमवार और मंगलवार को वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर रहने से सीकर में बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी भी हुई थी। मौसम विशेषज्ञों की माने तो अब प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म हो चुका है। प्रदेश में आज से मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। इस दौरान सर्दी का असर भी बढ़ेगा। आज से प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा भी छाया रह सकता है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल 8 फरवरी तक प्रदेश में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। आगामी दो से तीन दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में ही 2 से 4 डिग्री की गिरावट भी देखी जा सकती है। ऐसे में तेज सर्दी का असर भी रहेगा।


