थाने के कुक के घर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार:पीड़ित गया था गांव, बूंदी से ऑटो से चोरी करने गया था चोर

बूंदी की लाखेरी थाने में कुक का काम करने वाले के घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए सामान सहित वारदात में प्रयुक्त ऑटो को भी बरामद किया है। आरोपी ने एक महीने पहले सड़क किनारे स्थित सूने मकान में वारदात को अंजाम दिया था। लाखेरी एसएचओ सुभाष शर्मा ने बताया कि थाने पर खाना बनाने वाले तपन कुमार के घर चोरी की वारदात हुई थी। इसका खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी की वारदात का पता 10 नवंबर को चला था। पीड़ित तपन सात नवंबर को अपने गांव गया हुआ था। 10 नवंबर को पड़ोसियों ने उसे जानकारी दी थी कि उसके घर के ताले टूटे हुए हैं। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची। 13 नवंबर को पीड़ित तपन वापस लाखेरी लौटा, तो घर से सोने चांदी के गहने सहित चांदी के सिक्के गायब मिले। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में एक ऑटो घर के सामने खड़ा नजर आया था। इसके आधार पर पुलिस ने मेगा हाईवे सहित टोल के कैमरों को चेक किया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने बूंदी के कागदी देवरा निवासी मोहम्मद हुसैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए सामान सहित वारदात में प्रयुक्त ऑटो को बरामद किया है। चोरी के आरोपी के खिलाफ पहले से बूंदी, कोटा और भीलवाड़ा के थानों में अलग-अलग 22 मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से अन्य वारदात को लेकर पूछताछ कर रही है। कंटेंट: ओमपाल सिंह

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *