जिला स्पेशल टीम फलोदी और भोजासर थाना पुलिस ने एक हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण और लोहावट सीओ नगेंद्र कुमार के सुपरविजन में की गई। 31 दिसंबर को युवक पर किया था हमला यह मामला जैसला निवासी हरलाल विश्नोई द्वारा 15 जनवरी 2026 को भोजासर पुलिस थाने में अपने पुत्र की हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराने से जुड़ा है। वारदात 31 दिसंबर की रात की है, जब आऊ-लक्ष्मणनगर रोड पर एक रेस्टोरेंट में हरलाल के पुत्र कुलदीप पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने हमला कर बुरी तरह पीटा था। 18 जनवरी को लंबे इलाज के बाद हुई मौत गंभीर रूप से घायल कुलदीप को जोधपुर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां 18 जनवरी को उसकी मौत हो गई। इसके बाद मारपीट का यह मामला हत्या में बदल गया। भोजासर थाना प्रभारी जमील खान ने बताया- मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। उनकी गिरफ्तारी के लिए जिला स्पेशल टीम फलोदी और थानाधिकारी भोजासर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें नौखड़ा चारणान निवासी संजय पुत्र पूनाराम विश्नोई (29), नौखड़ा गोदारा निवासी पवन कुमार पुत्र हनुमानाराम विश्नोई (26) और कमलेश गोदारा पुत्र बनवारीलाल विश्नोई (24) शामिल हैं।


