हनुमानगढ़ में भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) ने केंद्रीय बजट 2025 के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। सीटू के कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को मजदूर और किसान विरोधी करार दिया। सीटू के नेता शेर सिंह शाक्य ने कहा कि 60 पन्नों के बजट दस्तावेज में एक बार भी मजदूरों का जिक्र नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट मोदी सरकार के कॉरपोरेट मित्रों के लिए लाभदायक है, जबकि आम जनता के लिए नुकसानदायक साबित होगा। शाक्य ने इस बजट को गरीबों के लिए ‘विष’ और कॉर्पोरेट के लिए ‘अमृत’ बताया। लाल चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में सीटू और खेत मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कॉमरेड रघुवीर सिंह वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि वह बजट में गरीब वर्ग की भलाई के लिए ठोस उपाय करे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने मजदूरों और किसानों के हित में कदम नहीं उठाए, तो उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


