बालाघाट के वारासिवनी के वारा में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण का एक बड़ा पड़ाव गुरुवार को पार कर लिया गया। प्रदेश के सबसे लंबे 76 मीटर के गर्डर को लॉन्च करने का काम शाम तक लगभग पूरा हुआ। इस भारी-भरकम काम के लिए रेलवे ने मेगा ब्लॉक लिया था, जिसके चलते गोंदिया-कटंगी मार्ग पर दो ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। मशीनों के कंपन से मकान क्षतिग्रस्त, मुआवजे का आश्वासन गर्डर लॉन्चिंग के दौरान लगी भारी क्रेन और मशीनों के कंपन के कारण पास ही रहने वाले ईश्वर दयाल पटले के मकान में दरारें आ गईं। विधायक विवेक पटेल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवार से मुलाकात की। मकान मालिक की शिकायत और विधायक के हस्तक्षेप के बाद पीडब्ल्यूडी (सेतु संभाग) और निर्माण कंपनी ने मकान की मरम्मत करवाने का भरोसा दिया है। विधायक बोले- इससे विकास के द्वार खुलेंगे निरीक्षण के दौरान विधायक विवेक ‘विक्की’ पटेल ने कहा कि वारासिवनी की जनता लंबे समय से इस ओवरब्रिज के पूरा होने का इंतजार कर रही थी। उन्होंने बताया कि इस ब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यातायात की समस्या का स्थायी समाधान होगा। दो ओवरब्रिज पर एक साथ हुआ काम इस मेगा ब्लॉक के दौरान एक साथ दो बड़े कार्य किए गए। बालाघाट के गर्रा ओवरब्रिज पर 36 मीटर का गर्डर रखा गया, वहीं वारा में 76 मीटर लंबे गर्डर को रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्टेशन प्रबंधक कृष्ण मोहन चौधरी ने बताया कि रात 12:25 से सुबह 7:25 तक का समय कम पड़ने के कारण काम दिन भर जारी रहा। इस वजह से कटंगी-गोंदिया और गोंदिया-कटंगी पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त करना पड़ा। कुछ फिनिशिंग का काम अभी भी जारी है जो देर रात तक चलेगा।


