लोहरदगा| झारखंड आंदोलनकारी महासभा लोहरदगा जिला समिति के तत्वावधान में शंख नदी के रमणीय तट पर वनभोज सह संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। पूर्व घोषित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कार्यकारी अध्यक्ष अमर किंडो ने किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों झारखंड आंदोलनकारियों व उनके परिवारजनों ने सहभागिता की और प्राकृतिक वातावरण में पारंपरिक वनोपज का आनंद लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासभा के केंद्रीय प्रधान महासचिव मो. कय्यूम खान रहे। उनके साथ जिला सचिव विशेषण भगत, कोषाध्यक्ष कृष्णा कुमार ठाकुर, नगर सचिव दिनेश साहू, तारा मिंज, सुशीला लकड़ा, सूरज मोहन लकड़ा, जगदीश उरांव, विलियम कुजूर सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी उपस्थित थे। वनभोज के उपरांत आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा है, लेकिन आज भी आंदोलनकारियों को उनके अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। मो. कय्यूम खान ने कहा कि संगठन की मजबूती आंदोलनकारियों की एकजुटता पर निर्भर करती है और आने वाले दिनों में महासभा को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 18 मार्च को समाहरणालय मैदान, लोहरदगा में एक व्यापक संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। तय किया गया कि झारखंड आंदोलनकारी परिवार से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए संगठन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा और जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक एकता, आपसी भाईचारे और संघर्ष के संकल्प के साथ हुआ। शंख नदी तट पर आयोजित यह वनभोज झारखंड आंदोलनकारियों के लिए नई ऊर्जा, उत्साह और एकजुटता का संदेश लेकर आया।


