भास्कर न्यूज | अमृतसर सुल्तानविंड रोड पर बी-डिवीजन पुलिस और आरोपी के बीच झड़प हो गई। आरोपी ने सेहत खराब होने का बहाना लगाकर पुलिस की गाड़ी रुकवाई और फिर एएसआई की रिवाल्वर छीनने की कोशिश की। इस दौरान हाथापाई के बीच चली गोली आरोपी की टांग में लगी। घटना वीरवार दोपहर एक बजे की है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 16 जनवरी को थाना बी-डिवीजन क्षेत्र में फिरौती न मिलने पर फायरिंग हुई थी। शिकायतकर्ता डर के कारण विवरण देने से हिचक रहा था। जांच के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं। मुख्य आरोपी जश्नदीप सिंह को काबू किया गया। पूछताछ के बाद जोबनजीत सिंह और गुरकीरत सिंह उर्फ कीरत को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी फायरिंग की साजिश में शामिल थे। 29 जनवरी को जब पुलिस टीम जोबनजीत सिंह को सुल्तानविंड इलाके में चौथे आरोपी का पता बताने के लिए ले जा रही थी तो उसने रास्ते में तबीयत खराब होने की शिकायत की और एएसआई शरणजीत सिंह की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की। सीपी भुल्लर ने बताया कि आरोपी जोबनजीत (20) निवासी वरियस नौशहरा पन्नूआ तरनतारन, गुरकीरत सिंह निवासी डेरा बाबा नानक और जश्नदीप सिंह (21) निवासी पट्टी के रूप में हुई है। आरोपी जोबन और जश्नदीप सिंह मजदूरी का काम करते हैं और गुरकीरत डिलीवरी ब्वॉय है। गुरकीरत और जोबन के खिलाफ पहले से तरनतारन में लूटपाट के 2 केस दर्ज हैं।


