लुधियाना| समराला चौक से ताजपुर रोड जाने वाले पुल पर देर शाम हथियारों के बल पर लूट की वारदात सामने आई है। कटिंग मास्टर का काम करने वाले युवक को बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित सुनील कुमार, जो दोराहा में काम करते हैं, पुलिस को बताया कि वह देर शाम काम खत्म कर एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह पुल के ऊपर पहुंचे, पीछे से आई एक सफेद ऑल्टो कार ने उनकी एक्टिवा को ओवरटेक कर आगे रोक लिया। कार में दो युवक सवार थे। सुनील के अनुसार एक बदमाश के हाथ में पिस्तौल थी, जबकि दूसरे के हाथ में लोहे का दात था। दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर डराया और 6 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और एक्टिवा की चाबी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत कार में बैठकर फरार हो गए। घटना के समय पुल पर ट्रैफिक कम था, जिसका फायदा उठाकर लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुनील ने बताया कि वह काफी घबराए हुए थे, लेकिन कुछ देर बाद संभलकर उन्होंने सुंदर नगर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में पुल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और कार का रूट पता लगाया जा सके।


