भास्कर न्यूज | लुधियाना शिव कॉलोनी ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में झुग्गी के पास पुरानी रंजिश को लेकर महिलाओं के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। थाना मोती नगर पुलिस ने इस संबंध में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता आरती (करीब 20 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करती है और पिछले कुछ दिनों से परिवार के साथ ताजपुर रोड स्थित झुग्गियों में रह रही है। 14 जनवरी की शाम वह अपनी ननद कोमल और अन्य रिश्तेदारों के साथ शिव कॉलोनी स्थित अपनी पुरानी झुग्गी से सामान लेने गई थी। आरती के अनुसार इसी दौरान कृष्ण और भारमल वहां पहुंचे और गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर कृष्ण ने उसके बाल पकड़कर घसीटा, जबकि भारमल ने डंडे से मारपीट की। शोर सुनकर बचाव के लिए आई कोमल, लक्ष्मी, कांता और मनीषा के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद योगेश, भरत, अभिषेक और अजय भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर महिलाओं पर डंडों, लात-घूंसे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर दोनो पीड़ित पास के पेट्रोल पंप की ओर भागीं और वहां शरण ली। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकियां भी दीं। पीड़िता ने बताया कि कुछ समय पहले उसके ससुर ने एक झगड़े में समझौता करवाया था, जिस कारण आरोपी पक्ष उससे रंजिश रखता था। पुलिस ने सिविल अस्पताल से आरती और कोमल की मेडिकल रिपोर्ट भी हासिल कर ली है, जिसमें चोटें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।


