पहाड़ी मंदिर में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। सरकारी पूजा के बाद आम भक्त के लिए सुबह 4 बजे मंदिर के द्वार खोले जाएंगे। पहाड़ी अवस्थित सभी मंदिर में अरघा सिस्टम से जलाभिषेक किया जाएगा। पहाड़ी मंदिर परिसर में फूलों से भव्य सजावट की जाएगी। पुष्प द्वार बनाए जाएंगे। खोया-पाया समेत अन्य सूचनाओं के लिए साउंड सिस्टम लगेगा। पानी के लिए मोटर की व्यवस्था की जाएगी, जलार्पण के लिए 1000 लोटा क्रय किया जाएगा। बुधवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति की बैठक में उक्त निर्णय लिए गए। समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में हुई बैठक में उपायुक्त ने शिव बारात के रूट पर साफ-सफाई, ट्रैफिक व अन्य व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। महाशिवरात्रि पर विभिन्न मद में अनुमानित खर्च 3.19 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। बैठक में पहाड़ी मंदिर में पूजा शुरू होने, भक्तों के लिए मंदिर खोलने के समय, साज-सज्जा व अन्य कार्यों पर समिति के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया गया। मंदिर विकास समिति के सदस्यों से सुझाव भी लिए गए। प्राप्त सुझावों पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर समिति से गर्भ गृह में शिफ्ट के अनुसार सदस्यों को प्रतिनियुक्त करने को कहा, ताकि श्रद्धालु सुगम तरीके से जलाभिषेक कर पाएं। मौके पर एसडीएम उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, अन्य पदाधिकारी और पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सदस्य उपस्थित थे। शिव बारात के लिए पदाधिकारी होंगे प्रतिनियुक्त बैठक में शहर के प्रमुख इलाकों से शिव बारात में निकाली जाने वाली झांकियों और उससे संबंधित तैयारियों पर भी चर्चा हुई। शिव बारात के अपने गंतव्य स्थान से निकलने को लेकर आवश्यक तैयारी, मंच निर्माण व कार्यक्रम की रूपरेखा की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। उपायुक्त ने शिव बारात के लिए प्रशासनिक स्तर से पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया। पदाधिकारी शिव बारात में उपयोग में लाए जानेवाले वाहनों और चालकों की आवश्यक जांच करेंगे। झाकियां होंगी आकर्षण का केंद्र, बांटा जाएगा प्रसाद शिव बारात आयोजन समितियों द्वारा इस वर्ष भी भव्य बारात पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से निकाली जाएगी। इसमें झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी, साथ में ताशा, ढोल, नगाड़े भी होंगे। हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे। बारातियों के बीच प्रसाद वितरण भी होगा। बारात में भूत-पिशाच की वेशभूषा में भी भक्त शामिल होंगे। पूरा पहाड़ी मंदिर क्षेत्र हर-हर महादेव के नारे से गूंजेगा। महाशिवरात्रि पर अनुमानित खर्च किस मद में रुपए टेंट (बैरिकेडिंग, कुर्सी, टेबल) 90,000 पुष्प सजावट व पुष्प गेट पर 35,000ध्वनि विस्तारक यंत्र के किराए पर 12,000 वॉलेंटियर्स आदि के भोजन पर 70,000 सफाई के लिए अतिरिक्त मजदूर 5,000 पाइप की मरम्मत व मोटर पर 40,000 1000 लोटा क्रय के लिए 12,000 अन्य मद में खर्च 25,000 पहाड़ी मंदिर परिसर में फूलों से भव्य सजावट की जाएगी, पुष्प द्वार भी बनाए जाएंगे


