रबी सीजन की फसल कटाई के बाद किसानों को अपनी उपज का सही दाम दिलाने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने कमर कस ली है। जिले में गेहूं की सरकारी खरीद की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। केंद्र सरकार द्वारा घोषित नए समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं बेचने के लिए किसानों को अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
2585 प्रति क्विंटल मिलेगा भाव, 10 मार्च से शुरू होगी तुलाई केंद्र सरकार ने रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी करते हुए इसे 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। खरीद का यह अभियान 10 मार्च से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा। इस अवधि के दौरान किसान अपनी फसल निर्धारित केंद्रों पर ले जाकर बेच सकेंगे। 1 फरवरी से पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 1 फरवरी से शुरू हो रही है। किसान रसद विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://food.rajasthan.gov.in पर जाकर खुद या नजदीकी ई-मित्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए जनाधार कार्ड अनिवार्य है। किसान यह सुनिश्चित कर लें कि उनका बैंक खाता जनाधार से लिंक हो, क्योंकि भुगतान सीधे उसी खाते में ट्रांसफर किया जाएगा। जिले में बनाए गए 4 विशेष खरीद केंद्र किसानों की सुविधा के लिए जिले भर में 4 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें झुंझुनूं, सूरजगढ़, नवलगढ़, गुढ़ागौड़जी में केन्द्र बनाएं गए हैं। इन केंद्रों पर तौल और भंडारण की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। सीधे खाते में आएगा पैसा इस बार भी सरकार ने बिचौलियों को दूर रखने के लिए सीधी भुगतान प्रणाली अपनाई है। जनाधार के माध्यम से होने वाले इस ऑनलाइन सिस्टम से न केवल फर्जीवाड़े पर लगाम लगेगी, बल्कि किसान को उसकी मेहनत की कमाई का पैसा बिना किसी देरी के सीधे बैंक खाते में मिल सकेगा।


