विदेश में जॉब दिलाने के नाम पर युवक से ठगी:पैसे खत्म हुए तो भीख मांगी, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

विदेश भेजने के नाम पर युवक से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को कुरैशिया में वर्क वीजा पर ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और पैसे हड़प लिए। मामला श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी रिपोर्ट में शिकायतकर्ता अजय ग्रोवर (35) निवासी लक्कड़ मंडी रोड श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर) ने बताया कि वह विदेश में जाकर जॉब करना चाहता है। इस दौरान आरोपी सुखमंदर सिंह निवासी श्रीकरणपुर उसके पास आया और कहा कि उनका बेटा जगदीप सिंह विदेश में जॉब कर रहा है और अच्छा पैसा कमा रहा है। जिसके बाद आरोपी ने अपने दोस्त लवदीप कुमार निवासी गुरदासपुर (पंजाब) से मिलवाया और विदेश जाने के लिए बातचीत कराई। आरोपियों ने कहा कि अगर वह (अजय) 10 लाख रुपए का इंतजाम कर लें तो उसे भी कुरैशिया में ड्राइवर की नौकरी मिल जाएगी। आरोपियों ने अजय को विश्वास दिलाने के लिए फोन पर जगदीप और लवदीप से बात कराई। लवदीप ने कहा कि अगर नौकरी नहीं मिली या परमिट नहीं बढ़ा तो जिम्मेदारी उनकी होगी और स्टांप पेपर पर लिखकर भी दे दिया। अजय, आरोपियों के झांसे में आ गया और परिवार और दोस्तों से पैसे उधार ले लिए। बाद में आरोपी सुखमंदर के कहने पर पासपोर्ट और बैंक डॉक्यूमेंट सुखमंदर के भतीजे नवरूप सिंह को दे दिए। जनवरी 2025 में 35 हजार रुपए लवदीप के अकाउंट में ट्रांसफर किए गए। फरवरी में मुंबई में वीजा फाइल जमा हुई और मई 2025 में गुरदासपुर जाकर 8 लाख रुपए कैश दिए। साथ ही फ्लाइट टिकट के 40 हजार अलग से दे दिए। बाद में आरोपी लवदीप ने 100 रुपए के स्टांप पर नोटरी अटेस्टेड एग्रीमेंट भी दे दिया। अजय 18 मई को दिल्ली से कुरैशिया पहुंच गया। वहां जाकर पता चला कि कंपनी में काम कचरा उठाने का है और परमिट सिर्फ छह महीने का है। आरोपी लवदीप ने अजय से कहा कि कुछ दिन काम कर लो, फिर ड्राइवर बना देंगे और परमिट बढ़वा देंगे। लेकिन 6 महीने बाद परमिट खत्म होने पर कंपनी ने निकाल दिया। पैसे खत्म होने पर अजय ने भीख मांगकर टिकट का इंतजाम किया और नवंबर 2025 में भारत आ गया। इसके बाद आरोपियों ने अपने फोन स्विच ऑफ कर लिए। इस दौरान सुखमंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने विदेश के नाम पर अजय से ठगी की थी, जो हो गई। शिकायतकर्ता को बाद में पता चला कि आरोपी लवदीप के पास कोई इमिग्रेशन लाइसेंस नहीं है और वह अवैध तरीके से युवकों को ठगता है। जबकि सुखमंदर, जगदीप और नवरूप उसके एजेंट हैं। जिसके बाद अजय ने आरोपियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *