अमृतसर जिले में ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रॉस बॉर्डर नशा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 51.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। जो 103 पैकेटों में पैक थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। इस मामले को लेकर पंजाब के DGP गौरव यादव ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर के सीधे संपर्क में थे। वे सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल थे। आरोपियों के मोबाइल फोन की गहन जांच के दौरान कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनमें कॉल रिकॉर्ड और चैट्स शामिल हैं। ये जानकारियां नेटवर्क की गहराई को उजागर करती हैं। नेटवर्क के लिंक खंगालने में जुटी पुलिस इस मामले में थाना घरिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगालने में जुटी है। इसका उद्देश्य पूरे गिरोह को जड़ से खत्म करना है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नार्को-टेरर और ड्रग तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। राज्य को नशा-मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव सख्त कदम उठाए जाएंगे।


