देवास जिले के रोजड़ी गांव में शुक्रवार सुबह एक किसान पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। किसान अपनी गाय के लिए खेत पर घास काटने गया था, तभी उस पर हमला हुआ। घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, रोजड़ी निवासी लाखनसिंह पिता गुलाबसिंह राजपूत सुबह अपनी गाय के लिए घास काटने खेत पर गए थे। इसी दौरान तेंदुए जैसे जानवर ने उन पर हमला कर दिया। लाखनसिंह ने अपने हाथ में दराती होने के कारण किसी तरह अपना बचाव किया और जान बचाई। हमले में किसान के गले और कंधे पर गहरे नाखून के घाव लगे हैं, साथ ही दांत के निशान भी पाए गए हैं। घटना के बाद ग्रामीण लाखनसिंह को घायल अवस्था में देवास के जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। 2 दिन पहले गाय का शिकार हुआ
गांव के सरपंच पुत्र रोहित सिंह राजपूत ने बताया कि दो दिन पहले भी इसी जंगली जानवर ने एक गाय और बछड़े को निशाना बनाया था। ग्रामीणों ने वन विभाग को इस घटना की सूचना दी है और जंगली जानवर को पकड़ने (रेस्क्यू) की मांग की है। किसान पर हमले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। वे पगमार्क के आधार पर जांच करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसान पर किस जानवर ने हमला किया था। वन विभाग के कर्मचारी अस्पताल में भी किसान से मिलने पहुंचे थे।


