अलवर के खेड़ली कस्बे में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। इस घटना में 6 से 7 लोग झुलस गए। मामला हिण्डौन रोड पर श्याम मिष्ठान भंडार के सामने स्थित शिव गजक भंडार की दुकान और उसके ऊपर बने मकान का है(गैस सिलेंडर को घर से सड़क पर लाया गया वहां करीब 500 लोगों कर भीड़ मौके पर मौजूद थी और आग पर काबू नहीं पाया जा सका जिसके बाद सिलेंडर को नाले में फेंकना पड़ा। देखे चार तस्वीरें… जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे मकान में महिला मंजू देवी गैस पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही मंजू देवी ने शोर मचाया, जिस पर परिवार के लोग ऊपर पहुंचे और जलते हुए सिलेंडर को घसीटकर नीचे लाए। परिवार के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेज होने के कारण काबू नहीं पाया जा सका। घटना को देखकर आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी दुकानें छोड़कर दूर भाग गए। इस हादसे में हीरालाल, महेश, आकाश, सोनू सहित कुल 6 से 7 लोग झुलस गए। आग से दुकान का त्रिपाल, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, शटर और अन्य सामान भी जल गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी विजय कुमार चंदेल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद गाड़ी काफी देर से पहुंची, जिससे आग ज्यादा फैल गई। लोगों ने मिट्टी और बजरी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की और बाद में जलते सिलेंडर को सामने बने नाले में फेंक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।आगजनी के बाद मौके पर जाम लग गया और भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने समझाइश कर खुलवाया। (इनपुट;रोहित सिंघल)


