राजगढ़ के स्कूल में संवाद के जरिए मनाई गांधी पुण्यतिथि:सीए दांगी ने छात्रों में गांधी के विचारों से करियर और परीक्षा का आत्मविश्वास भरा

राजगढ़ जिले के सोनखेड़ा कलां के शासकीय हाई स्कूल में शुक्रवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि छात्रों के साथ संवाद के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर सीए राजेश दांगी ने विद्यार्थियों को गांधीजी के विचारों को वर्तमान संदर्भ से जोड़कर समझाया। सीए दांगी ने अहिंसा, सत्याग्रह और स्वदेशी के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गांधीजी के ये विचार केवल इतिहास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी छात्र जीवन और भविष्य के निर्णयों में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान कर सकते हैं। इस दौरान छात्रों ने भी अपने प्रश्न खुलकर पूछे। विशेष रूप से कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के साथ करियर संबंधी चिंताओं पर चर्चा की गई। सीए दांगी ने स्वीकार किया कि भविष्य को लेकर डर या अनिश्चितता स्वाभाविक है, लेकिन सही दिशा, कड़ी मेहनत और धैर्य से हर समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने छात्रों को परीक्षा की तैयारी के दौरान सहज रहने की सलाह दी। सीए दांगी ने कहा कि कठिन विषय नियमित अभ्यास से आसान हो जाते हैं, और कमजोर विषयों से बचने के बजाय उन्हें प्रतिदिन थोड़ा समय देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के डर को छोड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *