हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल 1 दिन के रिमांड पर:एसीबी ने डेढ़ लाख की रिश्वत लेने के आरोप में किया था गिरफ्तार

ऑनलाइन ठगी के मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने के एवज में रिश्वत लेते गिरफ्तार दोवड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल को एक दिन के रिमांड पर सौंपा गया है। एसीबी ने शुक्रवार को दोनों को स्पेशल कोर्ट उदयपुर में पेश किया। एसीबी दोनों से रिश्वत में लिए डेढ़ लाख रुपए की राशि बरामदगी के प्रयास कर रही है। दोनो ने अब तक राशि के बार में एसीबी को कोई जानकारी नहीं दी है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो डूंगरपुर के उप अधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि दोवड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार पाटीदार और कॉन्स्टेबल प्रकाश पाटीदार को भी देर रात की 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दोनों कार लेकर भाग गए थे। एसीबी को उनके पास से रिश्वत की राशि नहीं मिली थी। दोनों ने लोकेंटो ऐप के जरिए लोगों से ठगी के एक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। एसीबी ने दोनों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को एसीबी कोर्ट उदयपुर में पेश किया। यहां से हेड कॉन्स्टेबल अशोक पाटीदार और कॉन्स्टेबल प्रकाश पाटीदार को एक दिन के लिए रिमांड पर सौंपा गया है। एसीबी अब दोनों से रिश्वत के रुपए किसे दिए या किन ठिकानों पर छुपाए इस बारे में पड़ताल कर रही है। वहीं, एसीबी उनके पास से रुपए बरामदगी के प्रयास करेगी। दोनों को शनिवार को फिर से एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *