बिलासपुर के रतनपुर नगर पालिका में भाजपा ने तीन बागी नेताओं को पार्टी से बाहर कर दिया है। वहीं अधिकृत प्रत्याशी के विरोध में प्रचार करने वाले तीन पदाधिकारियों को भी प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। कन्हैयालाल यादव, तृप्ति बघेल और बेनी सिंह बघेल को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। ये तीनों पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। इसके साथ ही अधिकृत प्रत्याशी लवकुश कश्यप के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने की कार्रवाई इसके साथ ही पार्टी ने निलंबित किए गए पदाधिकारियों में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बसंत यादव, मंडल मंत्री संतोष कश्यप और मंडल अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा बरकत अली शामिल हैं। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के निर्देश पर की गई। संगठन को मिली थी शिकायत भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मोहित लाल जायसवाल ने बताया कि निलंबित किए गए तीनों पदाधिकारी लंबे समय से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम कर रहे थे। संगठन को मिली शिकायतों के आधार पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। अधिकृत प्रत्याशी की स्थिति मजबूत होने का दावा उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई के बाद पार्टी में असंतोष समाप्त हो गया है और अधिकृत प्रत्याशी की स्थिति मजबूत हो गई है। बागी नेताओं का निष्कासन प्रदेश भाजपा महामंत्री जगदीश रामू रोहरा के हस्ताक्षर से जारी आदेश के तहत किया गया है।


