पंजाब के फाजिल्का में एक एनआरआई के घर में हुई चोरी और लूटपाट के मामले को थाना वेरो की पुलिस ने 30 घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने गांव पक्के कालेवाला में हुई चोरी मामले में दो स्थानीय युवकों लवप्रीत और सुखजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रात के समय घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और घर में सो रहे दो व्यक्तियों के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद वे बुजुर्ग महिला के कमरे में घुसे। चोरी के दौरान जब महिला की नींद खुली, तो आरोपियों ने उससे एक तोले की सोने की बाली छीन ली और फोन लेकर फरार हो गए। थाना वेरो के एसएचओ दविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआत में व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान गांव के ही दो युवकों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है।


