पलामू-गढ़वा में सड़क नेटवर्क को मिलेगी नई रफ्तार, सांसद ने केंद्रीय सचिव से की मुलाकात

भास्कर न्यूज | गढ़वा पलामू संसदीय क्षेत्र में सड़क विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और उच्च गुणवत्ता वाले राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव वी उमाशंकर से मुलाकात की। इस दौरान पलामू और गढ़वा दोनों जिलों में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद ने मंत्रालय के समक्ष क्षेत्र की जरूरतों को रखते हुए कई महत्वपूर्ण फोरलेन सड़क परियोजनाओं के निर्माण की मांग की। उन्होंने संबंधित परियोजनाओं की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार कराने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा इन्हें प्राथमिकता सूची में शामिल करने का अनुरोध किया। जिन प्रमुख परियोजनाओं को उठाया गया, उनमें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 (पूर्व एनएच-98) के सीलीदाग से पड़वा मोड़ तक लगभग 22 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण शामिल है। सांसद ने बताया कि सीलीदाग से हरिहरगंज तक फोरलेन का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 343 के तहत गढ़वा फोरलेन बाईपास (एनएच-39) से रामानुजगंज (झारखंड–छत्तीसगढ़ सीमा) तक लगभग 50 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने की मांग रखी गई। गढ़वा मझिआंव मोड़ से कांडी प्रखंड के श्रीनगर–पडुका ब्रिज (झारखंड–बिहार सीमा) तक लगभग 40 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया। वहीं एनएच-139 (कर्माकला, छतरपुर बाईपास) से डीटी-127 के समानांतर नई फोरलेन सड़क, जपला फोरलेन बाईपास, देवरी कला और देवीपुर को जोड़ते हुए सोन नदी पर पुल निर्माण की परियोजना को पीएम गति शक्ति योजना में शामिल किए जाने की जानकारी दी गई। सांसद ने मेदिनीनगर में बाईपास, कोयल नदी पर उच्चस्तरीय पुल व रेलवे लाइन पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि इससे मेदिनीनगर शहर में लगने वाले रोजाना जाम से बड़ी राहत मिलेगी और मेदिनीनगर-गढ़वा के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही गढ़वा-शाहपुर सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा रांची-वाराणसी कॉरिडोर के तहत एनएच-39 के सेक्शन-3 में निर्माणाधीन मेदिनीनगर फोरलेन बाईपास पर पोखराहा, जोड़ और सिंगरा जैसे स्थानों को ‘ब्लैक स्पॉट’ बताते हुए वहां फ्लाईओवर निर्माण की मांग की गई। सांसद ने कहा कि इन स्थानों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित कदम उठाना आवश्यक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *