भास्कर न्यूज | लुधियाना चंडीगढ़ रोड कोहाड़ा चौक के समीप नवनिर्मित श्री खाटू श्याम मंदिर में एकादशी के पावन अवसर पर भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरिनाम संकीर्तन ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस भव्य संकीर्तन में बाबा श्याम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य दीपक पाण्डेय, पं. राज तिवारी और केशव उपाध्याय द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण और बाबा के पूजन के साथ हुई। भक्तों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बाबा श्याम का दिव्य शृंगार रहा। ट्रस्टी संदीप अग्रवाल, अमित राठी, राधे बांसल और राज आनंद सहित गुप्ता परिवार के सहयोग से बाबा के दरबार को देशी व विदेशी फूलों से बेहद भव्य तरीके से सजाया गया। संकीर्तन की शुरुआत भजन गायक विशाल गोयल और सुनील गोयल धुरी वाले ने अपनी मधुर आवाज में की। उन्होंने एक बार बुलाना देखो मेरा दिल ना दुखाना और दीनानाथ मेरी बात छानी कोणी तेरे से जैसे भजनों से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। भजन पलकें ही पलकें बिछाएंगे, जिस दिन श्याम प्रभु घर आएंगे छेड़ा तो श्रद्धालु झूमने लगे। धार्मिक आयोजन के साथ-साथ मंदिर ट्रस्ट ने सामाजिक सरोकार की मिसाल भी पेश की। थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए आयोजित रक्तदान शिविर में प्रोलाइफ हॉस्पिटल के डॉक्टरों की देखरेख में भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर राज आनंद ने कहा कि एकादशी बाबा श्याम का प्रिय दिन है और इस दिन सच्चे मन से की गई सेवा व दर्शन से बाबा हर मनोकामना पूर्ण करते हैं। इस पावन अवसर पर पंजाब व्यापार प्रकोष्ठ के दिनेश सरपाल, चिराग बत्रा और पंकज जैन ने विशेष रूप से शिरकत की। आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप मित्तल, संदीप अग्रवाल, एलआर मित्तल, अनिल मित्तल, जतिंद्र मित्तल, विजय गोयल, संजय अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, मनीष बजारी सहित समस्त ट्रस्टियों का विशेष योगदान रहा। संकीर्तन के समापन पर भक्तों के लिए अटूट भंडारा प्रसाद वितरित किया गया।


