गिल रोड लोहारा पुल के नजदीक चलती कार में लगी आग

लुधियाना| गिल रोड स्थित लोहारा पुल के नजदीक शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे पेट्रोल पंप के सामने चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि करीब 25 मिनट के भीतर कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना के चलते करीब तीन घंटे तक ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक परिवार कार में सवार होकर दोराहा की ओर जा रहा था, तभी अचानक इंजन से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। चालक ने तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी। जैसे ही उसने बोनट खोला, आग और ज्यादा भड़क उठी। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, लेकिन दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच सके। ट्रैफिक जोन-6 के इंचार्ज धर्मपाल सिंह ने बताया कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब कार में पहले से आग लगी हुई थी। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस कर्मी सतपाल सिंह और अमरजीत सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। बाद में हालात सामान्य होने पर एकतरफा ट्रैफिक चालू किया गया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *