भास्कर न्यूज | लुधियाना दहेज की कथित मांग, घरेलू हिंसा और उससे गर्भपात होने के आरोपों के मामले में पुलिस ने पति पुलकित सिंगला और सास सिम्मी सिंगला के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता दीक्षिता जैन निवासी न्यू सराभा नगर एक्सटेंशन की पति, ससुराल पक्ष और रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप लगाए थे। आरोपियों के खिलाफ धारा 498-ए आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर की गई। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि महिला को कथित तौर पर पति और सास की ओर से मानसिक प्रताड़ना दी गई। इसी आधार पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ धारा 498-ए के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि दीक्षिता ने गत दिनों ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया था कि शादी के समय मायके पक्ष की ओर से भारी मात्रा में नकद, सोने-हीरे के गहने और कीमती सामान दिया गया, इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। विवाह के बाद कथित तौर पर 50 लाख रुपए नकद और ऑडी क्यू-5 कार की मांग की जाने लगी। दीक्षिता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।


