लुधियाना| जैन एंड अग्रवाल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा हंबड़ा रोड स्थित जीआरडी एकेडमी में आयोजित आरजेपीएल लीग के सातवें संस्करण के सातवें दिन सुपर-6 मुकाबलों का रोमांचक आगाज हुआ। 12-12 ओवरों के इस चरण में खेले गए मुकाबलों में लुधियाना किंग्स, मोमेंट्स स्टार्स और विधाता वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दिन का पहला मुकाबला लुधियाना किंग्स और गोयल नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लुधियाना किंग्स ने निर्धारित 12 ओवरों में 6 विकेट खोकर 143 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोयल नाइट राइडर्स की टीम कड़ी टक्कर देने के बावजूद 138 रन ही बना सकी और लुधियाना किंग्स ने 5 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। दूसरे मैच में मोमेंट्स स्टार्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 136 रन बनाए। जवाब में सुदर्शन टाइगर्स की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 12 ओवरों में 9 विकेट खोकर 114 रन ही बना पाई। इस तरह मोमेंट्स स्टार्स ने यह मैच 22 रनों से जीत लिया। दिन का अंतिम मुकाबला एन.के. इलेवन और विधाता वारियर्स के बीच खेला गया। एन.के. इलेवन की टीम 132 रनों पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए विधाता वारियर्स ने 6 विकेट खोकर 136 रन बनाते हुए आसान जीत दर्ज की। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में मनमोहन जैन गप्पू, दिनेश गोयल, कैमी जैन, मुकुल मित्तल, संचित जैन, संचिता जैन, पुलकित जैन, संभव जैन, नमित जैन और रचित जैन का विशेष योगदान दिया।


