भास्कर न्यूज | लुधियाना सुनेत के इलाके में शुक्रवार को एक 12 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर पर सिर्फ वह और उसकी छोटी बहन मौजूद थीं। परिवार के मुताबिक पिता मजदूरी करने गए हुए थे। मृतक बच्ची की पहचान दिषु वर्मा के रूप में हुई है, जो पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा था। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय पिता सूरज वर्मा काम पर चले गए थे। घर में दिषु और उसकी छोटी बहन थीं। इसी दौरान दिषु ने कमरे में फंदा लगा लिया। छोटी बहन ने जब उसे इस हालत में देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। पड़ोसियों ने तुरंत परिवार और पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को नीचे उतार कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिवार के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।


