भास्कर न्यूज | रायगढ़ बरमकेला वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 1007 में अवैध रूप से पेड़ काटते हुए पांच आरोपियों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा कटाई की गई लकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड की जा रही थी, लेकिन वन कर्मियों की समय पर कार्रवाई से वे फरार नहीं हो सके। वन विभाग के एसडीओ अंकित कुमार पांडे ने बताया कि अभ्यारण के अंदर पेड़ों की कटाई की सूचना मिलने पर टीम ने दबिश दी। मौके पर श्रवण पटेल परधियापाली, नेहरु चौहान छिदपटेरा, मुकेश यादव छिदपटेरा, खीरसागर विश्वकर्मा और जयप्रकाश सिदार परधियापाली लकड़ी की कटाई में शामिल पाए गए। टीम ने ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 13 एई 7044 और ट्रॉली सीजी 13 एलए 0480 को जब्त कर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इस दौरान वर्ले राठिया, वनरक्षक टेकराम सिदार, डिप्टी रेंजर हीरालाल सरजाल और अन्य वन अधिकारी उपस्थित रहे।


