भास्कर न्यूज | कचंदा जांजगीर-चांपा के बिलारी से सलखन मार्ग पर आज रात तीन अलग-अलग जगहों पर लूटपाट और मारपीट की घटनाएं हुईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। अपराधियों ने दो बाइक का इस्तेमाल किया, जिनमें एक बाइक पर तीन-तीन लोग सवार थे। उन्होंने रास्ता रोक पीड़ितों पर हमला किया और मोबाइल व नकदी लूट लिए। पहली घटना सलखन कचंदा मोड़ के पास हुई, जहां तीन व्यक्तियों पर हमला हुआ। अमन बंजारे और सुमित बंजारे घायल हुए और उन्हें पामगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि आर्यन बंजारे और दोनों को बाद में बिलासपुर रिफर किया गया। दूसरी घटना कचंदा नहर की ओर जाने वाले रास्ते में हुई, जिसमें दो व्यक्तियों से नकदी और मोबाइल लूट लिए गए। पीड़ितों ने तुरंत सरपंच को सूचित किया और नवागढ़ राछा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। तीसरी घटना ग्राम कचंदा के नहर के पास हुई। मुकेश के सिर पर पाइप से हमला किया गया, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बिलासपुर रिफर किया गया। उनके साथ मौजूद अनिकेत भी घायल हुए हैं। सभी घटनाएं लगभग एक ही रात में हुई हैं और आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। नवागढ़ व आसपास के क्षेत्रों में पुलिस सक्रिय है और घटनास्थलों पर गहन छानबीन कर रही है। एसपी विजय पांडेय ने मौके पर जाकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया और नागरिकों से सतर्क रहने तथा आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की।


